फ्रांस की बेटी बनी सिंगरौली की बहू, होटल सिंगरौली पैलेस बना अंतरराष्ट्रीय शादी का साक्षी

सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित होटल सिंगरौली पैलेस इन दिनों एक ऐसी ऐतिहासिक और अनोखी शादी का गवाह बनने जा रहा है, जिसने प्रेम को सीमाओं से परे साबित कर दिया है। सात समुंदर पार फ्रांस से आई युवती शार्लोट ओलानियां अपने पूरे परिवार के साथ सिंगरौली पहुंची हैं, जहां वह भारतीय संस्कृति, परंपरा और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सिंगरौली के युवक संदीप कुमार सिंह के साथ आज दिन गुरूवार की शाम सात फेरे लेकर जीवनभर के बंधन में बंधेंगी।

इस अंतरराष्ट्रीय विवाह को लेकर न केवल दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे जिले में इसे लेकर उत्सुकता और चर्चा का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार फ्रांस के ओलां निवासी शार्लोट ओलानियां का विवाह बेल्जियम में कार्यरत एवं सिंगरौली के पंचखोरा रोड निवासी संदीप कुमार सिंह से हो रहा है। संदीप कुमार सिंह के पिता स्व. रमेश कुमार सिंह हैं। विवाह समारोह बैढ़न स्थित प्रतिष्ठित होटल सिंगरौली पैलेस में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारतीय संस्कृति की झलक साफ दिखाई दे रही है। विवाह की रस्में पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति से संपन्न हो रही हैं। बीते दिन बुधवार को हल्दी की रस्म हर्षोल्लास के साथ मनाई गई, जिसमें दोनों परिवारों के सदस्यों ने पारंपरिक गीत-संगीत के बीच दूल्हा-दुल्हन को हल्दी लगाकर शुभकामनाएं दीं। गुरुवार को मेहंदी की रस्म आयोजित की गई, जिसमें दुल्हन शार्लोट के हाथों में भारतीय पारंपरिक डिजाइनों की सुंदर मेहंदी रचाई गई। विदेशी मेहमानों ने भी भारतीय वेशभूषा पहनकर समारोह में हिस्सा लिया और भारतीय परंपराओं का आनंद लिया। रात में विधिवत मंत्रोच्चार और वैदिक विधि-विधान के साथ दोनों सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधेंगे।

भारत की रीति रिवाज से प्रभावित थी ओलानियां

दुल्हन शार्लोट ओलानियां ने बताया कि वह बचपन से भारत की संस्कृति और परंपराओं के बारे में सुनती आई हैं और हमेशा भारतीय रीति-रिवाजों से प्रभावित रही हैं। उन्होंने बताया कि उनकी और संदीप की मुलाकात बेल्जियम में हुई थी, जहां दोस्ती के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुआ। करीब दो वर्षों तक एक-दूसरे को समझने और साथ समय बिताने के बाद दोनों ने विवाह का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपराओं के अनुसार विवाह करना उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है। वहीं दूल्हे संदीप कुमार सिंह ने बताया कि वह हमेशा से चाहते थे कि उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हो। उन्होंने कहा कि उनकी जीवनसाथी और उनके परिवार ने भारतीय संस्कृति को सम्मान देते हुए इस परंपरा को अपनाया, जिससे उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने बताया कि दुल्हन के परिवार के करीब 25 सदस्य फ्रांस से सिंगरौली पहुंचे हैं और सभी लोग इस विवाह समारोह को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

बैडमिंटन खेल से बनी दोनों के बीच नजदीकियां

दूल्हा बने संदीप ने बताया कि बेल्जियम में मैं काम के साथ-साथ भारत में भी इंटरेस्टेड था और बैडमिंटन खेलता था मेरी जीवन संगिनी बनने वाली वही बैडमिंटन खेलने आई थी तभी हम दोनों में एक दूसरे को देखा और मुलाकात हुई 2 साल तक रिलेशन में रहने के बाद में एक दूसरे को समझा और हम शादी कर रहे हैं। इधर सिंगरौली में आयोजित विवाह समारोह में दोनों पक्षों के परिजन, रिश्तेदार और मित्र बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंगरौली में इस तरह का यह संभवत: पहला अवसर है, जब किसी विदेशी युवती ने यहां आकर हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह किया है। यह अनोखा विवाह न केवल दो व्यक्तियों का मिलन है, बल्कि भारत और फ्रांस की संस्कृति, परंपरा और भावनाओं का भी सुंदर संगम बनकर पूरे जिले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ।

Next Post

यात्रियों की सुगम यात्रा के लिए इस साल रेलवे रिकॉर्ड संख्या में होली स्पेशल ट्रेन चलाएगा

Thu Feb 5 , 2026
नयी दिल्ली 05 फरवरी (वार्ता) रेलवे ने आगामी होली त्योहार के दौरान यात्रियों की आरामदायक और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित कराने के लिए 1,410 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनायी है। रेलवे से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस संख्या को बढ़ाकर 1500 तक किया […]

You May Like