
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भारतीय शास्त्रीय संगीत के महान साधक भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी और कथक सम्राट पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट जारी कर दोनों महान कलाकारों के भारतीय कला और संस्कृति में योगदान को स्मरण किया।
डॉ यादव ने पंडित भीमसेन जोशी को याद करते हुए कहा कि उनके दिव्य स्वर, तपस्या और साधना ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया। उनकी कर्णप्रिय गायकी और सुरों की अमिट छाप सदैव लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगी।
वहीं पंडित बिरजू महाराज को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कथक नृत्य को वैश्विक पहचान दिलाने में उनका योगदान अद्वितीय रहा है। भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा को विश्व मंच तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी।
