
परासिया। वेकोलि पेंच क्षेत्र के सबसे पुराने पेंच स्टाफ क्लब की नवीन कार्यकारिणी के गठन हेतु हुए चुनाव में क्लब बचाओ समिति ने शानदार जीत दर्ज की है। संपन्न हुए चुनाव में सचिव पद पर चंद्रभूषण डेहरिया, उपाध्यक्ष पद पर नेपाल सिंह एवं कोषाध्यक्ष पद पर सुनील पांडे निर्वाचित हुए।
वहीं कार्यकारिणी सदस्य पदों पर कन्हैया सिंह, अशोक डोंगरे, भारत भूषण, दीपेश अग्रवाल, संजीव लांबा, विनोद मंडलोई, विकास शेंडे, इबरत उल्ला एवं एफाज खान ने जीत हासिल की।
उल्लेखनीय है कि पेंच स्टाफ क्लब में पदेन महाप्रबंधक अध्यक्ष होते हैं। नगर के मध्यस्थल पर स्थित इस मनोरंजन गृह की कार्यकारिणी के लिए लंबे समय से चुनाव नहीं हुए थे, जिसके कारण क्लब का संचालन प्रभावित हो रहा था। लगभग दो सौ से अधिक सदस्यों वाले इस क्लब की नई कार्यकारिणी के सामने क्लब में संचालित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना एक बड़ी चुनौती रहेगा।