
ग्वालियर। किराना कारोबारी पिता -पुत्र से हुई 5.5 लाख रूपये की लूट के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका है। जबकि घटना के 2 मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। पकड़े गये आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। यह घटना डबरा नगर में गोपालबाग सिटी निवासी पवन श्रीवास्तव और उनके पिता महेश श्रीवास्तव के साथ हुई थी। वह जवाहर गंज स्थित अपनी थोक किराने की दुकान बन्द कर करीब 5.5 लाख रूपये एक थैले में रखकर घर लौट रहे थे। कॉलोनी के गेट के बाहर ताक में बैठे बदमाशों ने उन पर चाकू से वार किया और रूपयों से भरा थैला छीनकर फरार हो गये। पूरी घटना कॉलोनी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी।
पुलिस ने मामले में लूट का अपराध दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की थी। घटना के कुछ समय बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। जिससे लगभग 14500 रूपये बरामद हुए थे। पूछताछ में सामने आया था कि इस घटना में 3 और बदमाश शामिल थे। टीआई संजय शर्मा को खबर मिली थी कि लूट की घटना में शामिल एक बदमाश समुदन पुल के पास देखा गया है। टीआई ने प्रधान आरक्षक शिवशांत पांडे और सिपाही विनोद रावत के साथ एक टीम गठित कर मुखबिर द्वारा बताये ठिकाने पर भेजी।
पुलिस टीम को देखकर युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम आकाश उर्फ छोटू जोशी, निवासी प्रेम नगर कॉलोनी डबरा बताया। उसने कबूल किया कि वह उक्त लूट की घटना में शामिल था। इसके बाद पुलिस टीम उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई। फिलहाल, पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके दो फरार साथियों की भी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
