तेहरान, 01 फरवरी (वार्ता) ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने रविवार को चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करता है, तो यह संघर्ष केवल दो देशों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में फैल जाएगा।
अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, श्री खामेनेई ने यह टिप्पणी तेहरान में एक बैठक के दौरान की। यह बयान ऐसे समय आया है, जब पश्चिम एशिया क्षेत्र में अमेरिका की सैन्य तैनाती बढ़ने के कारण दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है।
श्री खामेनेई ने कहा कि ईरान युद्ध की शुरुआत नहीं करेगा और किसी भी देश पर हमला करने की मंशा नहीं रखता, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि “ईरानी जनता उन लोगों को करारा जवाब देगी, जो उस पर हमला करने या परेशान करने की कोशिश करेंगे।”
उन्होंने जोर देकर कहा, “अमेरिकियों को यह समझ लेना चाहिए कि अगर युद्ध छेड़ा गया, तो इस बार यह एक क्षेत्रीय युद्ध होगा।”
इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन के नेतृत्व में एक “विशाल नौसैनिक बेड़ा” ईरान की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि अमेरिका के साथ समझौते के लिए ईरान के पास “समय तेजी से खत्म हो रहा है।”
इसके जवाब में, ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि “हमारी बहादुर सशस्त्र सेनाएं किसी भी आक्रामक कार्रवाई का तुरंत और पूरी ताकत से जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
इस बीच, ईरान के सर्वोच्च नेता के वरिष्ठ सलाहकार अली शमखानी ने बुधवार को कहा कि अमेरिका की ओर से किसी भी स्तर पर और किसी भी स्रोत से की गई सैन्य कार्रवाई को युद्ध की शुरुआत माना जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान की प्रतिक्रिया “तत्काल, व्यापक और अभूतपूर्व” होगी।
श्री शमखानी ने यह भी कहा कि ईरान की जवाबी कार्रवाई का निशाना “हमलावर, तेल अवीव का केंद्र और हमलावर के सभी समर्थक” होंगे।
