ईरान अमेरिका के साथ कर रहा है गंभीरता से बातचीत : ट्रम्प

वाशिंगटन, 01 फरवरी (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को कहा कि ईरान अमेरिका के साथ गंभीरता से बातचीत कर रहा है।

एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने ईरान पर अंतिम निर्णय ले लिया है, श्री ट्रम्प ने कहा, “मैं आपको यह नहीं बता सकता लेकिन हमारे बहुत बड़े एवं शक्तिशाली जहाज उस दिशा में बढ़ रहे हैं।”

श्री ट्रम्प ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि वे कोई ऐसा समझौता करेंगे जो स्वीकार्य हो। हम परमाणु हथियारों के बिना एक संतोषजनक समझौता कर सकते हैं और उन्हें ऐसा करना चाहिए लेकिन मुझे नहीं पता कि वे ऐसा करेंगे या नहीं।”

राष्ट्रपति ने फॉक्स न्यूज से यह भी कहा कि ईरान के साथ बातचीत करते समय अमेरिका खाड़ी सहयोगियों के साथ अपनी सैन्य योजनाओं को साझा नहीं कर सकता है।

श्री ट्रम्प ने कहा, “हम उन्हें योजना नहीं बता सकते। अगर मैंने उन्हें योजना बता दी तो यह लगभग उतना ही बुरा होगा जितना आपको योजना बताना। वास्तव में यह और भी बुरा हो सकता है।”

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने शुक्रवार को कहा कि ईरान विवादों को सुलझाने के लिए लगातार बातचीत एवं संवाद का रास्ता अपना रहा है और वह युद्ध नहीं चाहता है।

उन्होंने कहा कि ईरान का दृष्टिकोण गरिमा-आधारित कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय कानून संरचना के अंतर्गत जुड़ाव, पारस्परिक सम्मान एवं धमकियों या दबाव से परहेज पर आधारित है।

अमेरिका ने कहा है कि ईरान के साथ समझौते में यूरेनियम संवर्धन पर प्रतिबंध, पहले से संवर्धित यूरेनियम को हटाना, लंबी दूरी की मिसाइलों पर रोक लगाना और क्षेत्रीय प्रॉक्सी के लिए समर्थन वापस लेना है जबकि सभी शर्तें ईरान ने खारिज कर दी हैं।

Next Post

पाकिस्तान को 58 रनों से पराजित कर भारत अंडर-19 विश्वकप के सेमीफाइनल में

Sun Feb 1 , 2026
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like