
पोरसा। यूजीसी एक्ट के विरोध में पोरसा में सवर्ण समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कृषि उपज मंडी प्रांगण से रैली निकालकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने अधिनियम को समाज के हितों के खिलाफ बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। रैली कृषि उपज मंडी से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बरगद चौराहे पर पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया। पुतला दहन के समय माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अमले की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में रही। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यूजीसी एक्ट के माध्यम से सामान्य और सवर्ण वर्ग के अधिकारों का हनन किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। रैली के बाद प्रतिनिधिमंडल तहसील कार्यालय पहुंचा और तहसीलदार नवीन भारद्वाज को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यूजीसी एक्ट को निरस्त करने, शिक्षा व्यवस्था में समान अवसर सुनिश्चित करने और भेदभावपूर्ण नीतियों को समाप्त करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रशासन ने पूरे पोरसा नगर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी है।
