बर्मिंघम , 03 जुलाई (वार्ता) कप्तान शुभमन गिल की नाबाद 265 रन की मैराथन दोहरी शतकीय पारी की मदद से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ गुरूवार को दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन चायकाल तक सात विकेट खोकर 564 रन बना लिए।
दूसरे दिन का दूसरा सत्र भी पूरी तरह से गिल और भारत के नाम रहा। दूसरे सत्र में भारत ने टी से ठीक पहले वॉशिंगटन सुंदर के रूप में एकमात्र विकेट गंवाया लेकिन इस सत्र में भारत ने कुल 145 रन जोड़े। हालांकि इस दौरान भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी बतौर टेस्ट कप्तान कई कीर्तिमान अपने नाम किए।
गिल इंग्लैंड और सेना देशों में दोहरा शतक जड़ने वाले भारतीय कप्तान बने और 255 के निजी स्कोर तक पहुंचते ही वह बतौर भारतीय टेस्ट कप्तान सर्वाधिक स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए और उन्होंने विराट कोहली के 254 के स्कोर को पीछे छोड़ दिया।
भारतीय कप्तान ने 380 गेंदों का सामना करते हुए अपनी रिकॉर्ड तोड़ पारी में 30 चौके और तीन छक्के लगाए हैं। सुबह के सत्र में रवींद्र जडेजा 89 रन बनाकर आउट हुए जबक दूसरे सत्र में सुंदर 42 रन बनाकर आउट हुए। चाय के समय आकाशदीप खाता खोले बिना गिल के साथ क्रीज पर हैं।
