जोशना चिनप्पा ने जीता जापान ओपन का खिताब

योकोहामा (जापान) 13 अक्टूबर (वार्ता) दो बार की एशियन चैंपियन भारत की जोशना चिनप्पा ने सोमवार को एक बार फिर दमदार प्रदर्शन करते हुए जापान ओपन 2025 स्क्वैश टूर्नामेंट में मिस्र की हया अली को हराकर महिला एकल का खिताब अपने नाम किया।

आज यहां खेले गये मुकाबले में 39 वर्षीय भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी ने तीसरी वरीयता प्राप्त दुनिया की 53वें नंबर की मिस्र की हया अली को 11-5, 11-9, 6-11, 11-8 से हराकर पीएसए चैलेंजर प्रतियोगिता में अपने शानदार प्रदर्शन का समापन किया। यह उनके करियर का 11वां पीएसए खिताब है।

उल्लेखनीय है कि जोशना चिनप्पा की यह हया अली के साथ दूसरी भिड़ंत थी। इससे पहले दोनों स्क्वैश खिलाड़ी ने इस साल बरमूडा ओपन के दूसरे राउंड में एक-दूसरे का मुकाबला किया था। इस मुकाबले में जोशना को 11-8, 10-12, 5-11, 11-9, 11-8 से हार का सामना करना पड़ा था।

पूर्व विश्व नंबर 10 स्क्वैश खिलाड़ी, जोशना हांगझोऊ में एशियन गेम्स 2023 के बाद घुटने की सर्जरी के बाद से शानदार वापसी कर रही हैं। एशियन गेम्स में वह भारत की कांस्य पदक विजेता महिला टीम का भी हिस्सा थीं।

जोशना ने इस साल की शुरुआत में युवा स्टार खिलाड़ी अनाहत सिंह के साथ जून में एशियन चैंपियनशिप में महिला युगल का खिताब जीता था। इसके अलावा इंडियन ओपन के सेमीफाइनल में भी जगह बनाई थी, जहां उन्हें अनाहत से हार का सामना करना पड़ा और अनाहत चैंपिनय बनीं।

इससे पहले जापान ओपन में, जोशना ने क्वार्टरफाइनल में मिस्र की दूसरी वरीयता प्राप्त नारदीन गरास को 11-8, 15-13, 11-9 से हराया था। इसके बाद सेमीफाइनल में चौथी वरीयता प्राप्त मिस्र की राणा इस्माइल को 11-7, 11-1, 11-5 से शिकस्त दी। उन्होंने दूसरे राउंड में फ्रांस की पांचवीं वरीयता प्राप्त लॉरेन बाल्टायन को 11-7, 11-4, 11-9 से और अपने पहले मैच में मलेशिया की एनरी गोह को 11-6, 11-6, 11-6 से हराया था।

 

 

 

Next Post

मफतलाल इंडस्ट्रीज ने फैशन की दुनिया में रखा कदम

Mon Oct 13 , 2025
मुंबई, 13 अक्टूबर (वार्ता) अरविंद मफतलाल ग्रुप की टेक्सटाइल क्षेत्र में कारोबार करने वाली कंपनी मफतलाल इंडस्ट्रीज लिमिटेड (एमआईएल) ने मफतलाल एपरेल एक्सपोर्ट्स (एमएई) के जरिये फैशन की दुनिया में कदम रखने की घोषणा की है। इसके साथ कंपनी केवल वस्त्र और यूनिफॉर्म की आपूर्तिकर्ता नहीं, बल्कि एक आधुनिक वैश्विक […]

You May Like