इंदौर: इंदौर 2030 देश शहर विकास के नवचिंतन विषय पर अभ्यास मंडल द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में शहर के भविष्य को लेकर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सांसद शंकर लालवानी ने प्रेज़ेंटेशन के माध्यम से इंदौर के बहुआयामी विकास की योजनाएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि इंदौर अब केवल स्वच्छता में अग्रणी नहीं, बल्कि डेटा आधारित नियोजन, स्मार्ट ट्रांसपोर्ट, हरित निर्माण, डिजिटल सेवाएं, स्टार्टअप, और नवाचार के क्षेत्रों में भी मिसाल बन रहा है।
2030 तक स्थानीय जीडीपी में उल्लेखनीय वृद्धि के लक्ष्य के साथ, मेट्रो विस्तार, इलेक्ट्रिक बसें, साइकिल फ्रेंडली मार्ग और इंटेलिजेंट ट्रैफिक सिस्टम पर कार्य प्रगति पर है। नमकीन उद्योग को क्लस्टर रूप में विकसित कर वैश्विक व्यापार में इंदौर की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना भी साझा की गई।इस संवाद में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, प्रशासन और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी की।
नागरिकों ने व्यवहारिक सुझाव दिए और जनभागीदारी आधारित नीति निर्माण पर जोर दिया।डॉ. जयंतीलाल भंडारी, अशोक बड़जात्या, अनिल भंडारी ने जीडीपी की भूमिका पर जानकारी दी, वहीं अशोक जायसवाल ने उद्योग विभाग की समस्याओं के समाधान की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम का संचालन रामेश्वर गुप्ता ने किया और आभार अशोक कोठारी ने माना।
