भिण्ड: जिले में किसानों को खाद की किल्लत से बचाने और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए नयागांव और पावई थाना क्षेत्रों में अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कार्रवाई में सहकारी समितियों के सचिव, सहायक प्रबंधक और ट्रांसपोर्टर तक को आरोपी बनाया गया है। पहला मामला पावई थाना क्षेत्र का है।
यहां सहकारी समिति जारी के सचिव रामसिया चौरसिया और ग्वालियर निवासी ट्रांसपोर्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। रायरू रैक प्वाइंट से 700 बैग यूरिया लेकर ट्रक निकला था। ट्रक को विपणन संघ के गोदाम तक पहुंचना था लेकिन जारी सहकारी समिति के सचिव इसको लेकर सीधे पिथनपुरा पहुंचे थे। थाने पहुंचने की सूचना कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को मिली थी उन्होंने मौके पर जाकर ट्रक को पकड़ा।
कलेक्टर ने इसके बाद पर वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी संजीव चतुर्वेदी को बुलाकर कार्रवाई के लिए कहा था। अब इस मामले में संजीव चतुर्वेदी ही फरियादी बने हैं और पावई थाने में एफ आई आर दर्ज कराई है। थाना प्रभारी नरेश निरंजन का कहना है कि कृषि विभाग के अधिकारी ने मामले की जांच की और आवेदन दिया था।
दूसरा मामला नयागांव थाना क्षेत्र का है। यहां सहकारी समिति नयागांव के राजेश सिंह और कुलदीप सिंह, साथ ही टेहनगुर सहकारी समिति के सहायक प्रबंधक अजय सिंह पर एफआईआर हुई है। उन पर 200 बैग यूरिया और 100 बैग डीएपी के गबन का आरोप है।
