कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत, एक गंभीर

नलखेड़ा। नगर से 5 किलोमीटर दूर आमला नलखेड़ा मार्ग पर ग्राम लसूल्डिया केलवा जोड़ के पास कार एवं मोटरसाइकिल की आमने सामने की भिड़ंत हो गई, जिसमें मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर घायल हो गया. जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय आगर रैफर किया गया. दुर्घटना के बाद गुस्साए मृतक के परिजनों ने सिविल अस्पताल के सामने चक्का जाम कर दिया गया.

शनिवार को सुबह 11 के लगभग ग्राम सेमलखेड़ी निवासी रामचंद्र पिता भागीरथ विश्वकर्मा उम्र 65 वर्ष एवं शिव पिता शंकरलाल कारपेंटर उम्र 35 वर्ष मोटरसाइकिल पर सवार होकर नलखेड़ा आ रहे थे तभी ग्राम लसूल्डिया केलवा पहुंच मार्ग के पास नलखेड़ा की ओर से आ रही कार क्रमांक एमपी 13 जेड एक्स 4010 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. आमने-सामने की हुई इस भिड़ंत में बाइक सवार रामचंद्र विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं शिव कारपेंटर गंभीर घायल हो गया. घटना में घायल दोनों को राहगीरों द्वारा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामचंद्र विश्वकर्मा को तो मृत घोषित कर दिया. वहीं शिव कारपेंटर की गंभीर स्थिति होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया गया. वहीं मृतक रामचंद्र के शव पोस्टमार्टम कर शव परिजनो को सौंपा गया.

मृतक के परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए किया चक्का जाम

उक्त दुर्घटना में रामचंद्र विश्वकर्मा की मौत से गुस्साये परिजनों द्वारा सिविल अस्पताल के सामने चक्का जाम कर दिया. मृतक के परिजनों का आरोप था की शुक्रवार को परिवार की एक लडक़ी को उसके ही ससुराल वाले दो वाहनों में सवार होकर ग्राम सेमलखेड़ी आए थे जो लडक़ी के काका एवं परिवार जनों के साथ मारपीट कर फिल्मी स्टाइल में लडक़ी को जबरन अपने साथ ले गए थे, उक्त घटना की रिपोर्ट नलखेड़ा थाने में की गई थी. लेकिन पुलिस द्वारा अपहरण संबंधित कोई कार्यवाही नहीं की गई. उसी को लेकर मृतक एवं गांव के अन्य लोग शनिवार को लडक़ी के ससुराल वालों पर अपहरण की कार्यवाही को लेकर नलखेड़ा थाने में आ रहे थे तभी यहां हादसा घटित हुआ. परिजनों का आरोप था कि पुलिस अगर शुक्रवार को ही अपहरण की कार्यवाही कर देती तो हमें शनिवार को नहीं आना पड़ता और ना ही यह घटना घटित होती है.

हादसे की खबर सुनकर मृतक के बड़े भाई ने भी त्यागे प्राण…

मृतक रामचंद्र के बड़े भाई शिवनारायण विश्वकर्मा उम्र 70 वर्ष कुछ दिनों से अस्वस्थ थे कार एक्सीडेंट में रामचंद्र की मृत्यु की खबर सुनकर बड़े भाई शिवनारायण का भी निधन हो गया. इधर मृतक के परिवारजन जिस लडक़ी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करवाना चाहते थे पुलिस द्वारा उस लडक़ी को बयान के लिए नलखेड़ा थाना बुलाया गया जहां लडक़ी द्वारा अपने पति के साथ ससुराल में ही रहने की बात कही गई. लडक़ी के वक्त बयान से घटना में नया मोड़ आ गया. वहीं ग्राम सेमलखेड़ी में उस वक्त मातम छा गया जब दुर्घटना में मृतक रामचंद्र एवं उनके बड़े भाई शिवनारायण दोनों भाइयों की अर्थी एक साथ निकली. यह देखकर पूरे गांव के लोग एवं माहौल गमगीन हो गया.

Next Post

रिकवरी आदेश निरस्त, ब्याज सहित राशि लौटाने के निर्देश

Sat Jan 31 , 2026
जबलपुर। प्रदेश में तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मियों से सेवानिवृत्ति के बाद रिकवरी निकालने के मामले में हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला दिया है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद पेंशन अधिकारी नियमित रूप से पीपीओ जारी करते समय वसूली के आदेश पारित करते हैं। हाईकोर्ट ने […]

You May Like