
छतरपुर। जिले के बिजावर थाना क्षेत्र के रानीताल/अंधियारा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 16 वर्षीय छात्र अरमान सिंह की जहर खाने से मौत हो गई। अरमान कक्षा 11वीं का छात्र था और उसकी परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू होने वाली थीं। घटना के बाद पूरे गांव और परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे अरमान ने अपने बड़े पापा जीतेंद्र सिंह को जगाकर कहा, “बड़े पापा मुझे बचा लो, मैंने दवाई खा ली है, मैं मरना नहीं चाहता।” यह कहते ही उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिवार के लोग उसे तुरंत बिजावर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान अरमान की मौत हो गई।
परिवार ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 10 बजे अरमान घर में चक्की चलाने के बाद सो गया था। सुबह उठते ही उसने बेचैनी और गर्मी लगने की शिकायत की और फिर जहर खाने की बात बताई। हालांकि वह यह नहीं बता पाया कि उसने जहर क्यों खाया।
अरमान के पिता नरेंद्र सिंह का निधन उसके बचपन में ही हो चुका था। उसकी परवरिश उसकी मां ने अकेले ही की थी। बेटे की असामयिक मौत से मां और परिजन गहरे सदमे में हैं। परिवार को आशंका है कि अरमान ने गलती से चारे में इस्तेमाल होने वाली कोई जहरीली दवाई खा ली होगी। फिलहाल जहर खाने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
