बोगोटा, 17 मई (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायताकर्ताओं ने शुक्रवार को कहा कि कोलंबिया में विद्रोही समूहों के बीच लड़ाई के कारण 2025 के पहले पांच महीनों में 66,000 से अधिक लोगों को अपने घरों से पलायन करने पर मजबूर होना पड़ा है।
संयुक्त राष्ट्र मानवतावादी मामलों के समन्वय के कार्यालय (ओसीएचए) के अनुसार, देश में जारी हिंसा के बीच नया विस्थापन 2024 में विस्थापित लोगों की कुल संख्या में 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाते हैं।
ओसीएचए ने कहा,“पिछले वर्ष के अंत तक, 73 लाख से ज्यादा लोग हिंसा और संघर्ष के कारण आंतरिक रूप से विस्थापित हो गए थे, जो सूडान और सीरिया के बाद विश्व में तीसरी सबसे बड़ी विस्थापित संख्या है।”
ओसीएचए ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र और उसके साझेदार फरवरी में जारी किए गए यूएन केंद्रीय आपातकालीन कोष के 38 लाख डॉलर आवंटन के माध्यम से सहायता प्रदान करते हैं, जबकि उद्देश्य कैटाटुम्बो में 56,000 से अधिक प्रभावित लोगों की मदद करना है, जहां 2025 में लड़ाई भीषण रही है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, उत्तरी-पूर्वी कैटाटुम्बो क्षेत्र में राष्ट्रीय मुक्ति सेना (ईएलएन) के गुरिल्लाओं द्वारा किए गए हमलों और विस्थापित क्रांतिकारी सशस्त्र बलों (फार्क) के विवादित सदस्यों के साथ झड़पों में 80 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए।
मार्च के अंत में, कोलंबियाई सेना ने कहा कि दक्षिण-पश्चिमी विभाग काउका में फार्क विद्रोहियों द्वारा किए गए एक विस्फोटक हमले में एक सैनिक की मौत हो गई। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मार्च में हिंसा की वृद्धि से विभाग में 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
ईएलएन और फार्क के बीच क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित करने के लिए तीव्र लड़ाई चल रही है।
ओसीएचए ने कहा कि मानवीय आवश्यकताओं में तीव्र वृद्धि के बावजूद, सहायता समुदाय की प्रतिक्रिया फंडिंग की कमी के कारण गंभीर रूप से बाधित हुई है। मानवीय साझेदारों ने केवल पहचानी गई आवश्यकताओं का 25 फीसदी ही पूरा किया है, जिससे लाखों लोग सहायता से वंचित रह गए हैँ।
उल्लेखनीय है कि 34.2 करोड़ डॉलर की कोलम्बिया मानवीय अपील में से केवल 14 प्रतिशत ही पूरा किया गया है।

