
इंदौर. अस्पताल में भर्ती भानजे को देखने जा रहे मामा की शुक्रवार रात सडक़ हादसे में मौत हो गई. हादसा कनाडिय़ा ब्रिज पर हुआ, जहां एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया है.
कनाडिय़ा पुलिस के अनुसार मृतक ४५ वर्षीय रामविलास पिता मिश्रीलाल चौकीदारी करता था. उसका भानजा इंडेक्स अस्पताल में भर्ती था. वह उसे टिफिन देने के लिए घर से बाइक पर निकला था. कनाडिय़ा ब्रिज के पास ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल रामविलास को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
जूनी इंदौर ब्रिज पर बाइक फिसलने से व्यापारी की मौत
इसी तरह जूनी इंदौर ब्रिज पर एक व्यापारी की जान चली गई. जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि ३६ वर्षीय इंदरसिंह पिता मुकेश, निवासी भोलाराम उस्ताद मार्ग, बाइक पर सवार होकर ब्रिज से उतर रहा था, तभी बाइक फिसलने से वह गिर गया. सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई. शव का पोस्टमार्टम एमवाय अस्पताल में कराया गया.
