सतना : जिला शिक्षा अधिकारी के तौर पर 6 महीने तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्ति के अवसर पर श्रीमती कंचन श्रीवास्तव को भावभीनी विदाई दी गई. इस अवसर पर सरस्वती पूजन व भण्डारे के आयोजन भी किया गया. विदाई समारोह में प्रशासनिक अधिकारी समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और शिक्षकों की खासी संख्या मौजूद रही.जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कंचन श्रीवास्तव शनिवार को सेवानिवृत्त होने जा रही हैं. चूंकि शनिवार को कार्यालय में अवकाश होता है इसलिए एक दिन पहले ही उनके विदाई समारोह का आयोजन जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में किया गया.
विदाई समारोह में प्रमुख तौर पर सीओ शैलेंद्र सिंह, जेडी नीरव दीक्षित, सहायक संचालक शिक्षा गिरीश अग्रिहोत्री समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे. विदाई समारोह के दौरान मंचासीन अतिथियों द्वारा श्रीमती श्रीवास्तव के 6 माह के कार्यकाल की प्रशंसा की गई. इसी कड़ी शॉल व श्रीफल देकर उनका सम्मन किया गया. इसी समारोह में योजना अधिकारी के पद से ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके भूप सिंह बघेल और सेवा निवृत्त हो चुके लेखापाल आलोक नामदेव को भी शॉल-श्रीफल देकर उनका अभिनंदन किया गया. उल्लेखनीय है कि जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में लगभग 3 वर्ष पहले मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गई थी. लिहाजा शुक्रवार को डीईओ के विदाई समारोह के अवसर पर सरस्वती पूजन करने के साथ ही भण्डारा प्रसाद का वितरण भी किया गया.
गिरीश अग्रिहोत्री को प्रभार
मौजूदा जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कंचन श्रीवास्तव की सेवा निवृत्ति को देखते हुए प्रशासकीय कार्य सुविधा भी दृष्टि से लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा शुक्रवार को आदेश जारी कर दिया गया. जिसके अनुसार प्रभारी सहायक संचालक गिरीश अग्रिहोत्री को अपने कार्य के साथ-साथ जिला शिक्षा अधिकारी सतना का प्रभार अस्थायी रुप से सौंप दिया गया.
