
इंदौर। इस साल हज पर जाने वाले यात्रियों के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया ने पहली बार मनपसंद फ्लाइट चुनने की सुविधा शुरू की है. तय समयसीमा के भीतर यात्री अपनी सुविधा और पसंद के अनुसार ऑनलाइन फ्लाइट का चयन कर सकेंगे, जिससे यात्रा व्यवस्था पहले से ज्यादा आसान और पारदर्शी हो सकेगी.
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2026 के लिए चयनित यात्रियों को बड़ी सुविधा देते हुए मनपसंद फ्लाइट चुनने का विकल्प शुरू किया है. यह सुविधा 29 जनवरी से लागू हो चुकी है और 1 फरवरी तक उपलब्ध रहेगी. यानी यात्रियों को कुल चार दिन का समय दिया गया है, जिसमें वे अपनी पसंद की फ्लाइट चुनकर हज कमेटी को ऑनलाइन जानकारी दे सकते हैं. हज कमेटी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को यात्रा की तारीख और उड़ान के समय को लेकर अधिक सहूलियत देना है. अब तक हज यात्रियों को कमेटी द्वारा निर्धारित फ्लाइट से ही यात्रा करनी पड़ती थी, लेकिन इस बार पहली बार उन्हें विकल्प दिया है कि वे उपलब्ध उड़ानों में से अपनी सुविधा के अनुसार फ्लाइट चुन सकें. यात्री हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट या हज सुविधा मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. हालांकि यह सुविधा पूरी तरह वैकल्पिक रखी गई है. जो यात्री निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी फ्लाइट का चयन नहीं करेंगे, उनके लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया स्वयं उपलब्ध उड़ानों में सीट आवंटित कर देगी. हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा सभी श्रेणियों के यात्रियों के लिए नहीं है. जोहफा श्रेणी, बिना मेहरम महिला आवेदक और रूबात श्रेणी के हज यात्रियों को इस विकल्प में शामिल नहीं किया है. इन श्रेणियों के यात्रियों की उड़ानों का आवंटन सीधे हज कमेटी द्वारा किया जाएगा. इसके अलावा लक्षद्वीप और त्रिपुरा जैसे छोटे राज्यों के हज यात्रियों को भी इस सुविधा से बाहर रखा गया है. कमेटी ने यह भी साफ किया है कि एक बार मनपसंद फ्लाइट चुनने के बाद उसमें बदलाव की अनुमति नहीं होगी. बोर्डिंग पास तभी जारी किए जाएंगे, जब यात्री द्वारा सभी बकाया शुल्क का भुगतान कर दिया जाएगा. माना जा रहा है कि इस नई व्यवस्था से बड़ी संख्या में हज यात्रियों को अपनी पसंद की तारीख और उड़ान चुनने का अवसर मिलेगा.
