
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संगठनात्मक मजबूती और प्रभावी समन्वय को ध्यान में रखते हुए एक अहम आदेश जारी किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजीव सिंह को स्टेट कनेक्ट सेंटर का प्रभारी बनाया गया है।
इसका उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनता के बीच सहज संवाद स्थापित करना तथा संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय को और सशक्त बनाना है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस संगठन में हर जिम्मेदारी सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्हें विश्वास है कि राजीव सिंह अपनी सक्रियता और अनुभव से कनेक्ट सेंटर को प्रभावी ढंग से संचालित करेंगे और जनता व कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत संवाद सेतु का निर्माण करेंगे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि संगठन को मजबूत करने और जनता से सीधा जुड़ाव स्थापित करने के लिए भविष्य में भी ठोस कदम उठाए जाते रहेंगे।
