
विदिशा। शनिवार को सांची रोड में स्थित एक निजी गार्डन में जिला पटवारी संघ के चुनाव संपन्न हुए।
जिला पटवारी संघ अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार मैदान में थे। जिसमें से पूर्व पटवारी संघ अध्यक्ष मनोज बघेल दूसरी बार 212 वोटों से विजयी घोषित किए गए। सभी पटवारियों ने उन्हें जीत की बधाई दी और पुष्पमाला पहनाकर उनका सम्मान किया गया। मध्य प्रदेश पटवारी संघ जिला विदिशा के निर्वाचन 13 सितंबर को एक निजी गार्डन में संपन्न हुए। पटवारी विपुल बाबू शर्मा ने बताया कि चुनाव में मनोज बघेल को 309 मत एवं प्रतिद्वंदी सुनील श्रीवास्तव को 97 मत प्राप्त हुए। वहीं तीन मत निरस्त हुए हैं। इस प्रकार कुल 409 मत डाले गए थे। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश पटवारी संघ के इतिहास में पूरे प्रदेश में पहली बार प्रत्यक्ष प्रणाली से निर्वाचन हुआ। जिसमें 541 वोटरों को शामिल किया गया था, जिसमें से 409 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उक्त निर्वाचन संपन्न कराने हेतु निर्वाचन अधिकारी गोविंद चौधरी जिला अध्यक्ष रायसेन एवं उनकी टीम के द्वारा निर्विवाद निष्पक्ष निर्वाचन संपन्न कराया। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में मतदान के लिए समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 4 बजे तक रखा गया था। जिसमें जिलेभर से आए हुए पटवारियों ने अपने मत का प्रयोग किया और 4 बजे से मतगणना प्रारंभ की गई। इस दौरान निर्वाचन अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि मनोज बघेल दूसरी बार जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष बने हैं।
