
नीमच। जिले के जावद नगर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बीती रात बावल दरवाजा स्थित प्रसिद्ध हनुमानजी मंदिर की दानपेटी को अज्ञात चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया। चोर दानपेटी को तोडक़र उसमें रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। सुबह मंदिर खुलने पर जब पुजारी एवं श्रद्धालु पहुंचे, तब घटना का खुलासा हुआ।उल्लेखनीय है कि इसी हनुमान मंदिर की दानपेटी कुछ दिन पूर्व भी तोड़ी गई थी और उस समय भी चोर नकदी चुरा ले गए थे। लगातार दूसरी बार हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि बार-बार हो रही चोरी से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने जावद पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।स्थानीय नागरिकों एवं मंदिर समिति के सदस्यों ने मांग की है कि मंदिर परिसर एरिया में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा दानपेटी की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही,आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है।
