मध्याह्न भोजन बंद और बच्चे नदारद देख भडक़े जिला पंचायत सीईओ 

खंडवा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा शुक्रवार को किल्लौद क्षेत्र में पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने एक प्राथमिक स्कूल का औचक निरीक्षण किया, तो वहां व्याप्त अव्यवस्थाओं को देख भडक़ गए। स्कूल में न तो बच्चे पर्याप्त संख्या में मिले और न ही मध्याह्न भोजन बनता हुआ पाया गया। इस लापरवाही पर सीईओ ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए प्रधान पाठक को नोटिस और स्व-सहायता समूह को हटाने का फरमान सुना दिया।

स्कूल में मिली घोर लापरवाही :डॉ. गौड़ा ने जब गांव की प्राथमिक शाला में कदम रखा, तो वहां सन्नाटा पसरा था। बच्चों की नगण्य उपस्थिति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और जिम्मेदार प्रधान पाठक को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। हद तो तब हो गई जब स्कूल में मध्याह्न भोजन बनता ही नहीं पाया गया। बच्चों के पोषण आहार में इस तरह की लापरवाही पर सीईओ ने संबंधित स्व-सहायता समूह को तत्काल प्रभाव से हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने समूह द्वारा खरीदे गए बर्तनों की भी जाँच की।

इंजीनियरों को हिदायत: केवल खानापूर्ति न करें :इससे पूर्व, डॉ. गौड़ा और अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा ने बलड़ी विकासखंड की ग्राम पंचायत गड़बड़ी, नांदियाखेड़ और बरमलाय में मिशन अमृत संचय अभियान के कार्यों का निरीक्षण किया। यहाँ बन रहे रिचार्ज पिट और ट्रेंच के कार्यों को देख सीईओ ने उपयंत्रियों को तकनीकी पाठ पढ़ाया।

उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी कि सरकारी राशि का उपयोग केवल गड्ढे खोदने में न करें, बल्कि स्थानीय ढलान और पानी के बहाव को समझकर वैज्ञानिक तरीके से संरचनाएं बनाएं, ताकि बारिश का अधिकतम पानी जमीन में उतर सके। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।

दौरे के अंत में सीईओ ने बीवर गुफा स्थल का निरीक्षण किया। आगामी शिवरात्रि पर्व पर यहाँ लगने वाले मेले को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने समय रहते प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

Next Post

दुकान का ताला तोड़कर हजारों की सामग्री एवं 5 हजार कैश पार

Fri Jan 30 , 2026
सिंगरौली। शहरी क्षेत्र में नशा व चोरी के मामले दिनों दिन बढ़ते जा रहे हैं, जिससे लोगों का पुलिस प्रशासन से भरोसा उठता जा रहा है। पुलिस लाईन पचौर में जहां जिले के अधिकांश पुलिस रहती है, शासकीय पालिटेक्निक कॉलेज के सामने शुक्ला किराना दुकान में रात में चोरों ने […]

You May Like