भिंड: नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने ग्राम पचेरा में सड़क निर्माण का भूमिपूजन करते हुए ग्रामीण विकास पर जोर दिया। उन्होंने साफ कहा कि सुदृढ़ सड़क नेटवर्क ही गांवों के समग्र विकास की कुंजी है। सड़कें बनने से विकास कार्य सीधे जन-जन तक पहुंचते हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलती है। भिंड जिले के मेहगांव ब्लॉक के ग्राम पचेरा में 884.60 लाख रुपये की लागत से 07 किमी लंबी सड़क का निर्माण हो रहा है, जो मौजा मेहगांव रोड़ से एनएच-719 (ग्वालियर-इटावा रोड) वाया उपजेल मेहगांव बायपास को जोड़ेगी। इस भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया, पूर्व कोऑपरेटिव चेयरमैन केपी भदौरिया, जिला उपाध्यक्ष सुधा राठौर समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने स्पष्ट किया कि यह सड़क न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और व्यापार को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। उन्होंने रोजगार पर खास जोर देते हुए कहा कि सरकार सड़क निर्माण जैसे माध्यमों से लोगों को सीधे रोजगार उपलब्ध करा रही है। सड़क बनने से गांवों का शहरों से संपर्क मजबूत होता है, जिससे स्थानीय युवाओं को काम मिलता है। मंत्री राकेश शुक्ला ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “रोजगार के अवसरों को गंवाना नहीं चाहिए। छोटे-छोटे व्यवसाय भी अपनाएं, उनमें शर्म या संकोच न करें। आज जो काम छोटा लगे, उसमें आपका परिश्रम लगेगा तो लगाव भी पैदा होगा और वह बड़ा बन जाएगा।
