इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र के रेवती रेंज इलाके में शुक्रवार सुबह एक मकान में आग लगने से 45 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक शुक्ला ब्रदर्स पेट्रोल पंप में कर्मचारी था. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है.थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि सुबह लोगों ने घर से धुआं उठता देखा, जिसके बाद मोहल्ले के लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया. जब तक आग बुझी, तब तक घर के अंदर मौजूद व्यक्ति की मौत हो चुकी थी.
शव जली हुई अवस्था में मिला. परिजनों ने बताया कि मृतक देर रात अस्पताल से घर लौटा था. उसके बड़े बेटे का उसी रात एक्सीडेंट हो गया था, जिसके चलते वह अस्पताल में भर्ती है. घर में उस समय मृतक अकेला था. मौके की जांच में गैस सिलेंडर की जली हुई नली मिली है. आशंका है कि सुबह चाय बनाने के दौरान गैस चालू करते समय आग लगी हो, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद किया जाएगा.
