इछावर। जिले के इछावर तहसील मुख्यालय पर लाईन से जा रहे जेसीबी, डम्पर के साथ प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल को देख लोग हतप्रभ रह गए. उन्हें लगा शहर में कोई बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है. ऐसा हुआ भी बुधवार की सुबह प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को सख्ती के साथ अंजाम दिया.
इछावर तहसील मुख्यालय पर बुधवार की सुबह अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू किया गया. इस अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध से निपटने के लिए चार थानों का पुलिस बल तैनात किया गया था. राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया.
गौरतलब है कि प्रशासन ने कुछ दिन पहले 12 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया था, लेकिन लोगों ने कब्जे नहीं हटाए थे. जिसके बाद आज सुबह यह कार्रवाई शुरू की गई. गौरतलब है कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के क्षेत्र में नए साल के दौरान अतिक्रमण हटाने की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है. अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत नगर पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील हो गया.
जानकारी के अनुसार जिले के इछावर में अतिक्रमण पर बुलडोजर चला है. नगर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था. चार थाने की पुलिस आई है, वहीं 4 बुलडोजर भी अतिक्रमण हटाने में जुटे रहे. बुधवार को राजस्व एवं नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नगर में अतिक्रमण हटाया.
नगर में अतिक्रमण कई लोगों ने कर रखे थे तो कहीं नगर परिषद के कर्मचारी या फिर अन्य लोगों के द्वारा इन सबको पहले नोटिस दिया गया था, इसके बावजूद भी इनके द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया था. इसी के चलते आज सुबह से ही एसडीएम स्वाती मिश्रा, एसडीओपी रोशन जैन, नप सीएमओ द्वारा अतिक्रमण हटवाए जा रहे हैं. एसडीएम का कहना है कि यह अतिक्रमण मुहिम लगातार जारी रहेगी.
