
इंदौर. मध्य प्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए आईआरसीटीसी एक बार फिर विशेष धार्मिक यात्रा लेकर आया है.
आईआरसीटीसी इंदौर के अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि भारत गौरव डीलक्स एसी ट्रेन 12 जून 2026 को इंदौर से नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपति नाथ दर्शन यात्रा के लिए रवाना होगी. यह 10 दिवसीय विशेष धार्मिक यात्रा होगी, जिसमें यात्रियों को नेपाल के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे. मुकेश कुमार के अनुसार यह विशेष ट्रेन इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और सतना रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इन सभी स्टेशनों से यात्री ट्रेन में सवार हो सकेंगे. उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को चितवन राष्ट्रीय उद्यान पोखरा काठमांडू और सहित कई प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. यात्रियों को आध्यात्मिक यात्रा के साथ-साथ नेपाल की प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव भी मिलेगा. आईआरसीटीसी द्वारा तैयार किए गए इस सर्व-सुविधायुक्त पैकेज में यात्रियों को आरामदायक एसी ट्रेन यात्रा, ऑन-बोर्ड एवं ऑफ-बोर्ड शुद्ध भोजन, होटल में ठहरने की सुविधा, एसी बसों से दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, टूर एस्कॉर्ट, यात्रा बीमा, सुरक्षा व्यवस्था और हाउसकीपिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. मुकेश कुमार ने बताया कि यह विशेष ट्रेन रक्सौल तक जाएगी. इसके बाद यात्रियों को नेपाल के विभिन्न स्थलों तक एसी बसों के माध्यम से ले जाया जाएगा. दुर्गम क्षेत्रों और सड़क मार्ग की यात्रा भी इसी पैकेज में शामिल रहेगी, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
14 आधुनिक कोच लगाए जाएंगे
उन्होंने जानकारी दी कि पूरी ट्रेन में कुल 14 आधुनिक कोच लगाए जाएंगे और करीब 150 यात्री इस यात्रा का लाभ उठा सकेंगे. अब तक लगभग 60 सीटों की बुकिंग हो चुकी है. ट्रेन में दो अत्याधुनिक रेस्टोरेंट कोच भी रहेंगे, जहां एक समय में 60-60 यात्री भोजन कर सकेंगे और चलती ट्रेन में रेस्टोरेंट जैसी प्रीमियम सुविधा का आनंद ले पाएंगे. यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में विशेष गार्ड और आधुनिक अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था भी रहेगी, जो स्टेशन आने से पहले यात्रियों को आवश्यक जानकारी देता रहेगा.
पासपोर्ट या वोटर आईडी कार्ड अनिवार्य
मुकेश कुमार ने बताया कि नेपाल यात्रा के लिए यात्रियों के पास पासपोर्ट या वोटर आईडी कार्ड होना अनिवार्य है. आईआरसीटीसी द्वारा यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उन्होंने कहा कि यात्रियों में इस धार्मिक यात्रा को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है.
