न्याय पथ अभियान में बड़ी सफलता:10 हजार का इनामी हत्या आरोपी कल्लू शुक्ला गिरफ्तार

छतरपुर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे जिला स्तरीय “न्याय पथ अभियान” के तहत थाना गौरिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के एक गंभीर प्रकरण में फरार चल रहे ₹10,000 के इनामी आरोपी कल्लू शुक्ला को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित मामलों में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की सख्ती एक बार फिर सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, माह जुलाई 2024 में थाना गौरिहार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गहबरा में कुछ लोगों ने एकत्र होकर पीड़ित का वाहन रोक लिया था और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी थी। इस घटना में मृतक लालाभाई उर्फ विजय तिवारी था। मामले में नामजद कई आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि आरोपी कल्लू शुक्ला फरार चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक छतरपुर द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया था। थाना गौरिहार पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी को ग्राम चुरयारी के पास पहाड़ी क्षेत्र से 12 बोर देशी अद्धी व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत पृथक से मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश राजस्थान के अलवर और भिवाड़ी सहित कई क्षेत्रों में की जा रही थी।

कल्लू शुक्ला हत्या, अवैध हथियार और एससी/एसटी अधिनियम समेत कुल 8 आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है। इस कार्रवाई में एसडीओपी लवकुश नगर श्री नवीन दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप दीक्षित सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

उल्लेखनीय है कि “न्याय पथ अभियान” के तहत अब तक 660 से अधिक प्रकरणों में 14 लाख रुपये से ज्यादा के इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निपटारे के लिए अभियान लगातार जारी रखे हुए है।

 

 

Next Post

हनुमान टोरिया मंदिर परिसर में बना ओपन जिम बदहाल

Sun Jan 4 , 2026
छतरपुर। शहर के प्रसिद्ध एवं आस्था के प्रमुख केंद्र हनुमान टोरिया मंदिर परिसर में आमजन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए ओपन जिम और बच्चों के झूले इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच चुके हैं। ओपन जिम के कई उपकरण टूटे पड़े हैं, कुछ के नट-बोल्ट गायब हैं […]

You May Like