
छतरपुर। शहर के प्रसिद्ध एवं आस्था के प्रमुख केंद्र हनुमान टोरिया मंदिर परिसर में आमजन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए ओपन जिम और बच्चों के झूले इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच चुके हैं। ओपन जिम के कई उपकरण टूटे पड़े हैं, कुछ के नट-बोल्ट गायब हैं तो कुछ पूरी तरह जंग खा चुके हैं। वहीं बच्चों के खेलने के लिए लगाए गए झूले भी क्षतिग्रस्त अवस्था में हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सुबह और शाम के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के साथ-साथ टहलने और व्यायाम करने आते हैं। ओपन जिम की खराब हालत के कारण लोग इसका उपयोग करने से डर रहे हैं। बच्चों के झूलों की स्थिति और भी चिंताजनक है, क्योंकि कई झूले टूटे होने के बावजूद खुले पड़े हैं, जिससे बच्चे अनजाने में उन पर चढ़ सकते हैं और गंभीर चोट लग सकती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ओपन जिम और झूले जनसुविधा के नाम पर लगाए गए थे, लेकिन उनके रखरखाव की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। समय-समय पर निरीक्षण और मरम्मत न होने के कारण आज ये उपकरण खुद लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। कई बार संबंधित विभाग और नगर पालिका को शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
