सलामतपुर: सरार ग्राम पंचायत में गणतंत्र दिवस के अवसर पर बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाया गया।कार्यक्रम के दौरान 15 अगस्त 2025 से 26 जनवरी 2026 के बीच जिन महिलाओं ने बेटी को जन्म दिया, उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सरपंच नरेश चौधरी द्वारा इन माताओं को शील्ड, मिठाई एवं नगद राशि प्रदान कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की तीन महिलाओं निकिता विश्वकर्मा, सावित्री अहिरवार एवं राजकुमारी अहिरवार को सम्मानित किया गया।
सरपंच नरेश चौधरी ने कहा कि बेटियां समाज का भविष्य हैं और उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। कार्यक्रम के माध्यम से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का सशक्त संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
