जबलपुर:नर्मदा एक्सप्रेस में महिला यात्री का पर्स चोरी करने के मामले में जीआरपी जबलपुर ने 23 वर्षीय आरोपी अरुण लोनी, निवासी ग्राम गड़वास, थाना पान उमरिया, जिला कटनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने के छह लॉकेट और चांदी की एक जोड़ी पायल सहित कुल 60 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में स्टेशन पर चेकिंग के दौरान 12 अक्टूबर को एक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की गई।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने करीब एक माह पहले ट्रेन संख्या 18233 नर्मदा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सो रही महिला यात्री का पर्स अपने साथी के साथ चोरी करना स्वीकार किया। बरामद छह सोने के लॉकेट की कीमत 42 हजार और चांदी की पायल की कीमत 18 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
