इंदौर: संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने सृष्टि कलाकुंज कला संस्थान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रीतमलाल दुआ सभागृह के कलादीर्घा में किया। इस मौके पर पूर्व आईजी महेन्द्र सिकरवार, पूर्व कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव, पूर्व ओ.एस.डी. आनंद शर्मा, पूर्व डीआईजी एवं एडवोकेट धर्मेन्द्र चौधरी, आयोजक वंदिता श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ चित्रकार हरेन्द्र शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे.
संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि इस कला प्रदर्शनी के माध्यम से अच्छे कलाकारों को एक मंच मिलेगा. इंदौर कलाप्रेमियों का शहर है और यहाँ इस तरह के आयोजन लगातार सम्पन्न होते हैं. सृष्टि कलाकुंज कला संस्थान द्वारा आयोजित इस कला प्रदर्शनी में कलाकारों ने अच्छा वर्क किया है जो दूर से ही दृष्टिगोचर होता है. इस मौके पर संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने सभी कलाकारों से उनकी प्रदर्शित पेन्टिंग के बारे में जानकारी प्राप्त की. साथ ही कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया. आयोजक वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि सृष्टि कलाकुंज कला संस्थान द्वारा विगत 2 वर्ष से इंदौर के प्रगति पार्क बड़ियाकीमा बिचौली मर्दाना स्थित सुधा स्टूडियों में आयोजित किए जा रहे कला शिविर में सृजित पेंटिंग्स को यहाँ प्रदर्शित किया गया है.
इस कला प्रदर्शनी में इंदौर सहित भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर के 50 से अधिक कलाकारों की 85 पेंटिंग्स प्रदर्शित की गई. अधिकांश पेंटिंग्स हल्दी-कुमकुम, प्रयागराज महाकुंभ और मेरा आंगन विषय पर केन्दि्रत है. इसमें ग्वालियर के कलाकार अनुराग जड़िया, बृजमोहन आर्य, तृप्ति गुप्ता, गौरव कुलश्रेष्ठ की पेंटिंग्स है, तो वहीं इंदौर से मधुश्री मुछाल, रीतिका जैन, शुभा वैद्य, विम्मी मनोज, स्वाति द्रविड़ आदि की पेंटिंग प्रदर्शित है. भोपाल से माँ-बेटी मानुषी भार्गव और अनुपमा की पेंटिंग भी प्रदर्शित की गई. वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि यह प्रदर्शनी 27 जनवरी तक सुबह 11 बजे से शाम 8 बजे तक सभी कलाप्रेमियों के लिए खुली रहेगी. इस कला प्रदर्शनी में 26 जनवरी को दोपहर 3 बजे तिरंगे के रंग, कला के संग वार्ता का आयोजन किया गया है. इस कार्यक्रम में ग्वालियर संगम ग्रुप और इंदौर के कलाकार भाग लेंगे.
