मुंबई 25 मार्च (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र की महारत्न कंपनी पावरग्रिड कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने विद्युत पारेषण क्षेत्र की तीन अलग-अलग कंपनियों बनासकांठा ट्रांसको लिमिटेड (बीटीएल), कुरनूल-IV ट्रांसमिशन लिमिटेड (के-आईवीटीएल) और राजस्थानी वी पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड (आरवीपीटीएल) का कुल 43.73 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करने की आज घोषणा की।
पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ने मंगलवार को शेयर बाजार को बताया कि उसने गुजरात के बनासकांठा पूलिंग स्टेशन (जीआईएस) में परिवर्तन क्षमता बढ़ाने के लिए बीटीएल का अधिग्रहण किया। यह परियोजना बिल्ड, ओन, ऑपरेट और ट्रांसफर (बीओओटी) मॉडल के तहत विकसित होगी।
कंपनी ने बताया कि बीटीएल का अधिग्रहण करीब 6.54 करोड़ रुपये में किया गया है, जिसमें 10 रुपये अंकित मूल्य के 50,000 इक्विटी शेयर और अधिग्रहण तिथि तक की सभी संपत्तियां एवं देनदारियां शामिल हैं। अंतिम राशि बीटीएल के ऑडिटेड खातों के आधार पर समायोजित हो सकती है। यह परियोजना गुजरात में बिजली ढांचे को सशक्त बनाएगी।
पावर ग्रिड ने “कुरनूल-IV आरईजेड के एकीकरण के लिए पारेषण प्रणाली- चरण-I (4.5 गीगावॉट)” परियोजना के लिए के-आईवीटीएल को 18.56 करोड़ रुपये में अधिग्रहित किया। बीओओटी मॉडल पर आधारित इस परियोजना में आंध्र प्रदेश में 765/400/220 केवी का नया कुरनूल-IV पूलिंग सबस्टेशन स्थापित करना और मौजूदा सी’पेटा सबस्टेशन की क्षमता बढ़ाना शामिल है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में 765 केवी और 400 केवी डबल सर्किट पारेषण लाइनें बनाई जाएंगी। अधिग्रहण में 50 हजार इक्विटी शेयर (10 रुपये प्रति शेयर) और संबंधित संपत्तियां-देनदारियां शामिल हैं, जो ऑडिट के बाद समायोजित हो सकती हैं। यह दक्षिण भारत में बिजली नेटवर्क को मजबूती देगा।
पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ने बताया कि “राजस्थान आरईजेड फेज-वी (भाग-1: 4 गीगावॉट) सिरोही, नागौर कॉम्प्लेक्स” से बिजली निकासी के लिए आरवीपीटीएल का अधिग्रहण 18.63 करोड़ रुपये में किया गया। बीओओटी मॉडल पर आधारित इस परियोजना में राजस्थान के सिरोही सबस्टेशन की परिवर्तन क्षमता बढ़ाना और राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में 765 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइनें विकसित करना शामिल है। यह अधिग्रहण भी 50,000 इक्विटी शेयर (10 रुपये प्रति शेयर) और अधिग्रहण तिथि तक की संपत्तियों-देनदारियों के साथ हुआ है, जिसमें अंतिम मूल्य ऑडिट के आधार पर बदल सकता है। यह परियोजना अक्षय ऊर्जा के दोहन को बढ़ावा देगी।
