इंदौर: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को रीगल चौराहा पर निर्मित इंडिया गेट एवं अमर जवान ज्योति तथा दुआ सभागृह वंदे मातरण के उदघोष एवं भारत माता के जयघोष से गूंजते रहे. संस्था सेवा सुरभि की मेजबानी में भारतीय सेना के शहीद संजय मीणा के पिताश्री लालसिंह, बड़े भाई रामप्रसाद, पत्नी श्रीमती पूनम एवं पुत्र युवराज तथा पुत्री प्रतिभा को जब अतिथियों ने दुआ सभागृह में शॉल-श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और एक लाख रुपए की श्रद्धा निधि सौंपी तो समूचा सभागृह करतल ध्वनि के बीच उठ खड़ा हुआ.
सांसद शंकर लालवानी, कलेक्टर शिवम वर्मा, पूर्व कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव, समाजसेवी भरत मोदी, सुश्री रचना मोदी, राजेश चेलावत सहित अनेक अतिथियों ने शहीद संजय मीणा के परिजनों का सम्मान किया. उन्हें एक कृतज्ञता रैली के रूप में दुआ सभागृह परिसर से इंडिया गेट तक बीएसएफ के बैंड की ताकत वतन की हम से है… सुर लहरियों के साथ ससम्मान लाया गया. ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा‘ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था स्वर-स्मिता संगीत अकादमी की ओर से देशभक्ति से प्रेरित गीतों की प्रस्तुतियों के साथ हुआ.
उन्होंने जोशीले गीतों की प्रस्तुतियों से माहौल को देशभक्ति से लबरोज बनाए रखा. अतिथियों का स्वागत संस्था के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा, कुमार सिद्धार्थ, गोविंद मंगल, अरविंद जायसवाल, कमल कलवानी, मोहन अग्रवाल, अनिल गोयल आदि ने किया।सम्मान समारोह के बाद शहीद के परिजन एवं उपस्थित नागरिक कृतज्ञता रैली की शक्ल में बीएसएफ के बैंड की राष्ट्रभक्ति से प्रेरित धुनों के साथ दुआ सभागृह से रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट तक पहुंचे. भारत माता की जय से लेकर अमर शहीद जिंदाबाद और वंदे मातरम के उदघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा. इंडिया गेट पहुंचने पर सबने अनाम शहीदों के प्रतीक चिन्ह अमर जवान ज्योति पर पुष्पांजलि-दीपांजलि समर्पित की. इधर रीगल चौराहे पर शाम से ही सैकड़ों दीप झिलमिलाने लगे थे.
