
जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत सिग्मा कान्हा कॉलोनी सालीवाड़ा के पास नेशनल हाईवे रोड में 18 जनवरी को तांड़व मचाते हुए पांच श्रमिकों को मौत की नींद सुलाने वाले कार चालक को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूना भागने की तैयारी में था। मुख्य रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन में बैठा था। जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ओवरटेक करने के चक्कर में हादसा हुआ था।
विदित हो कि सिग्मा कान्हा कालोनी सालीवाड़ा के पास नेशनल हाईवे रोड में डिवाइडर ग्रिल पर रंगाई, पुताई और सफाई का काम चल रहा था। मंडला जिले के ग्राम बम्होरी थाना बीजाडांडी, बम्होरी बिहारिया गांव के निवासी श्रमिक पिछले डेढ़ महीने से यहां मजदूरी कर रहे थे। 18 जनवरी को काम करने के बाद थके श्रमिक सडक़ किनारे भोजन कर रहे थे। दोपहर लगभग 1-30 बजे बरेला तरफ से आ रही कार क्रमांक एमपी 20 एक्स बी 1460 के चालक ने श्रमिकों को कुचल दिया और भाग गया था। हादसे में श्रीमति चेनवती गौड़ 45 वर्ष एवं श्रीमति लछ्छो बाई 40 वर्ष, श्रीमति वर्षा कुशराम 45 वर्ष, श्रीमति गुमता बाई 40 वर्ष, श्रीमति कृष्णा बाई कडोपा 40 वर्ष सभी निवासी ग्राम बम्होरी की मौत हो गई थी। पुलिस ने कार को भी सिहोरा से बरामद कर लिया गया था लेकिन चालक लखन सोनी फरार चल रहा था।
