
छतरपुर। जिले में शनिवार सुबह से मौसम ने करवट ले ली है। आसमान में घने बादल छाए रहने से ठंड के तेवर कुछ नरम पड़े हैं और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार सुबह 8:30 बजे न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में 1.3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिला है। जिले में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी जताई गई है।
सुबह के समय कोहरे और बादलों के कारण दृश्यता काफी कम रही। सुबह 10 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए, जबकि आर्द्रता 94 प्रतिशत और विजिबिलिटी घटकर 200 मीटर तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने दोपहर बाद बादल छंटने और हल्की धूप निकलने की संभावना जताई है। बादलों की मौजूदगी के कारण आज अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बादलों के कारण रात का तापमान बढ़ता है, लेकिन जैसे ही बादल छंटेंगे, ठंड फिर से असर दिखाएगी। 26 जनवरी के बाद तापमान में गिरावट आने और कड़ाके की सर्दी लौटने के आसार हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है।
