नयी दिल्ली 09 जून (वार्ता) पश्चिम एशिया में निरंतर बदल रही सुरक्षा स्थिति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबा के साथ टेलीफ़ोन पर वहां की स्थिति पर चर्चा की तथा क्षेत्र में तनाव बढने पर चिंता व्यक्त की। श्री मोदी ने कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हुए हमलों की भारत की ओर से एक बार फिर कड़ी निंदा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में बदलती सुरक्षा स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में तनाव बढ़ने पर गहरी चिंता व्यक्त की और कुवैत की संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता पर हुए हमलों की भारत की ओर से कड़ी निंदा दोहराई। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता की जल्द से जल्द बहाली के लिए तनाव कम करने, बातचीत और कूटनीति का आह्वान भी दोहराया।
श्री मोदी ने कुवैत में बड़ी संख्या में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर व्यक्तिगत ध्यान देने के लिए अमीर को धन्यवाद दिया। उल्लेखनीय है कि ईरान ने दो दिन पहले कुवैत और बहरीन में अमेरिकी अड्डों पर हमला किया था। संघर्ष विराम के बावजूद ईरान और अमेरिका तथा इजरायल की ओर से किये जा रहे हमलों से क्षेत्र में फिर से तनाव बढ गया है।

