
बैतूल। किसानों को झांसा देकर फर्जी इकरारनामों के माध्यम से ट्रैक्टर हड़पने के मामले में पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो ट्रैक्टर बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम टेमनी पाटादा निवासी किसान विजय उईके की शिकायत पर थाना आठनेर में वर्ष 2024 में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि राजेश विजयकर और उसके साथियों ने छलपूर्वक ट्रैक्टर अपने कब्जे में लेकर धोखाधड़ी की।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को ट्रैक्टरों को विभिन्न व्यक्तियों के माध्यम से बेचने और छिपाने संबंधी जानकारी मिली, जिसके आधार पर अन्य आरोपियों को भी प्रकरण में शामिल किया गया।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन द्वारा फरार आरोपी जितेंद्र राठौर की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। थाना प्रभारी विकास पटेल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भैंसदेही निवासी जितेंद्र राठौर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोनालिका ट्रैक्टर बरामद किए हैं। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों तथा संभावित अन्य धोखाधड़ी के मामलों की भी जांच कर रही है।
