
गरोठ। नगर के प्रमुख चौराहों पर वर्षों से बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को पुनः सक्रिय करने की दिशा में नगर परिषद का निर्णय सफल रहा है। लंबे समय से कैमरे बंद होने के कारण अपराधियों और शरारती तत्वों को बढ़ावा मिल रहा था। अब नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया की पहल पर इन कैमरों का नवीनीकरण कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है।
यह कार्य गुरुवार 8 अगस्त से शुरू हुआ है, जिसे इंदौर की बालाजी सेल्स कंपनी द्वारा किया जा रहा है। यह कार्य ₹7 लाख की लागत से स्वीकृत टेंडर प्रक्रिया के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसमें नई फाइबर केबल बिछाई जा रही है और कैमरों को नई तकनीक से उन्नत किया जा रहा है।
अध्यक्ष राजेश सेठिया ने जानकारी देते हुए बताया कि परिषद की प्राथमिकता रही है कि कैमरों का संचालन पुलिस विभाग द्वारा किया जाए, जबकि लागत नगर परिषद वहन करे। इसके लिए कई बार पत्राचार भी किया गया, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। पुलिस विभाग द्वारा केवल किराए के कैमरे लगाए जाते रहे, जिनका भारी खर्च परिषद को वहन करना पड़ा।
अंततः नगरहित में परिषद ने स्वयं टेंडर प्रक्रिया से कैमरों के नवीनीकरण का निर्णय लिया। अब गरोठ नगर के सभी 60 कैमरे सक्रिय हो जाएंगे, जिससे नगर की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सकेगी।
नगर परिषद अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि सक्रिय कैमरों से पुलिस प्रशासन को अपराधियों पर निगरानी रखने और चोरी जैसे मामलों पर अंकुश लगाने में आसानी होगी। नगर वासियों को इससे सुरक्षा की नई सुविधा प्राप्त होगी।
