इंदौर: वेटनरी कॉलेज गेट के सामने हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. युवती से जुड़े विवाद को लेकर की गई इस वारदात में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था. मामले में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को पकड़ा है.महू-इंदौर रोड स्थित वेटनरी कॉलेज गेट के सामने लालबाग क्षेत्र के रहने वाले निक्की यादव और रजत यादव का ग्राम कोदरिया, थाना महू क्षेत्र के रहने वाले अतुल यादव, आकाश यादव, अभिषेक यादव और दीपक आंजना से युवती से जुड़ा विवाद चल रहा था.
इसी विवाद को निपटाने के बहाने 17 जनवरी 2026 को आरोपियों ने पहले से साजिश रची थी. योजना के तहत निक्की और रजत अपने साथियों के साथ स्कूटी से मौके पर पहुंचे. बातचीत के दौरान गाली गलौज और मारपीट शुरू हो गई. विरोध करने पर आरोपियों ने अपने साथी से पिस्टल चलवा दी. फायरिंग में दीपक आंजना के जबड़े और पैर में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया था, प्रारंभिक जांच में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराएं लगाई गईं, बाद में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महू और एसडीओपी महू ग्रामीण के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी किशनगंज कुलदीप खत्री की टीम ने दबिश देकर फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में निक्की उर्फ निखिल यादव (30) निवासी लालबाग, रजत उर्फ बबलू यादव (28) निवासी लालबाग लाइन, सुजल सोलंकी (22) निवासी त्रिवेणी कॉलोनी और अमित उर्फ चेमा खीची (19) निवासी त्रिवेणी कॉलोनी शामिल हैं. पुलिस आरोपियों से हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है
