इंदौर: बड़गोंदा क्षेत्र में राया डेवलपर्स के नाम से प्लॉट बेचने का झांसा देकर सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पुलिस ने अलग अलग दो मामलों में आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत प्रकरण दर्ज किया है.पुलिस के मुताबिक पहले मामले में आवेदक कर्नल वरुण वैघ, कमांडिंग ऑफिसर ने शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि राया डेवलपर्स बेरछा रोड, महू के संचालक मोहम्मद अनीश ने फार्म हाउस प्रोजेक्ट में प्लॉट दिलाने के नाम पर 24 लाख 15 हजार रुपये ले लिए, लेकिन न तो प्लॉट का वैध कब्जा दिया और न ही रकम वापस की गई.
दूसरे मामले में शासन की ओर से पुलिस ने लेफ्टिनेंट कर्नल हिमांशु सिंह, इंजीनियर प्लानिंग ऑफिसर की शिकायत पर केस दर्ज किया है. आरोप है कि आरोपी ने राया इस्टेट प्रोजेक्ट, ब्लॉक-ए में भूखंड क्रमांक 02 बेचने का झांसा देकर 21 लाख 28 हजार रुपये ले लिए और बाद में धोखाधड़ी की. दोनों मामलों में घटनाएं वर्ष 2021 की बताई जा रही हैं. पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अनीश के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
