
बड़वानी। चोरी व अन्य अपराधों में आरोपी बिना नंबर की बाइक उपयोग कर रहे हैं। साथ ही नशे के कारोबार में भी बिना नंबर के वाहनों का उपयोग हो रहा है। पुलिस के खुलासे में ऐसे वाहन भी जब्त हुए हैं, लेकिन फिर भी पुलिस की ढील के चलते शहर के हर इलाके में बिना नंबर प्लेट वाले वाहन नजर आ रहे हैं। पुलिस जब वाहन चैकिंग करती है, तब बिना नंबर वाले वाहन पकड़ में आते हैं। वह अधिकांशत: चोरी के होते हैं या फिर किसी अपराध में उपयोग किए होते हैं।
मंडराती है बिना नंबर की बाइक
कोचिंग सेंटर, स्कूल व कॉलेजों के बाहर मनचले बिना नं. की बाइकों से स्टंट करते हुए नजर आते हैं। साथ ही कई अभिभावक भी अपने घर लगाते हैं। वहीं हाईकोर्ट के आदेशानुसार 2019 से पहले के सभी वाहनों पर भी हाई सिक्योरिटी नं. प्लेट लगवाना है। लेकिन बड़वानी में नाबालिग बच्चों को आने-जाने के लिए बिना नं. की बाइक थमा रहे हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस कार्रवाई से बच रही है। लोग अपने वाहनों पर बिना नं. प्लेट लगाए घूम रहे हैं। जबकि ऐसे वाहनों का 500 रुपए का चालान काटने का नियम है।
अभियान चलाकर कार्रवाई
विनोदसिंह बघेल यातायात थाना प्रभारी बड़वानी ने बताया कि सडक़ सुरक्षा माह के तहत वाहन चालकों को समझाईश दी जा रही है और कार्रवाई भी की जा रही है। शहर में बिना नंबर वाली बाइकों की संख्या बढ़ रही हैं, कई लोग अपने बच्चों को लाइसेंस न होते हुए भी बिना नंबर प्लेट वाली बाइकें व स्कूटर थमा रहे हैं। इसलिए अब अभियान चलाकर बिना नंबर वाले सभी वाहनों पर कार्रवाई करेंगे। ऐसे वाहनों पर 500 रूपए दंड के चालान का प्रावधान है।
