नयी दिल्ली, 23 जनवरी (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। वहीं, गेहूं और चीनी में भी गिरावट देखी गयी जबकि दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 18 रुपये बढ़कर 3,869 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 11 रुपये टूटकर 2,848 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे में भी 15 रुपये की नरमी रही।
दाल-दलहनों में उड़द दाल की औसत कीमत 32 रुपये और तुअर दाल की 18 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चना दाल और मूंग दाल 12-12 रुपये महंगी हुई। वहीं मसूर दाल तीन रुपये प्रति क्विंटल फिसल गयी।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा 23 रिंगिट गिरकर 4,174 रिंगिट प्रति टन पर रहा। अमेरिकी सोया तेल का मार्च वायदा 0.91 प्रतिशत चढ़कर 54.27 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सरसों तेल औसतन 217 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। मूंगफली तेल में 115 रुपये और वनस्पति में 33 रुपये की तेजी रही। सूरजमुखी तेल 28 रुपये और पाम ऑयल 18 रुपये महंगा हुआ।। सोया तेल नौ रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव 42 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा। वहीं, चीनी आठ रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
