छतरपुर। नगर के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटा में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले को लेकर अब दूसरा पक्ष सामने आया है। गुरुवार 22 जनवरी को दोपहर करीब 1 बजे मृतक पक्ष के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।
ज्ञात हो कि ग्राम कोटा में हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और मामले में कानूनी कार्यवाही की गई थी। हालांकि, अब इस मामले को लेकर दूसरे पक्ष ने पुलिस जांच पर सवाल खड़े किए हैं। आवेदन में परिवारजनों ने आरोप लगाया है कि मामले की जांच एकतरफा की जा रही है और कुछ तथ्यों को नजरअंदाज किया गया है।
परिजनों का कहना है कि सच्चाई सामने लाने के लिए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और गहराई से जांच आवश्यक है, ताकि किसी निर्दोष को फंसाया न जाए और वास्तविक दोषियों पर ही कार्रवाई हो। एसपी कार्यालय में आवेदन देने के दौरान परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई और मामले में निष्पक्षता बनाए रखने की मांग की।
इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त आवेदन पर नियमानुसार विचार किया जाएगा और यदि जांच में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
