जबलपुर: बरगी थाना अंतर्गत सहजपुरी शराब दुकान में मुफ्त शराब और पैकारी देने से मना करने पर बदमाशों ने पहले सेल्समैन के साथ जमकर मारपीट की और फिर उस पर पिस्टल से फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली सेल्समैन को नहीं लगी और उसने अंधेरे का फायदा उठाकर भागते हुए अपनी जान बचाई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लेवर हाट बरगी नगर चौकी निवासी 22 वर्षीय राजू यादव सहजपुरी शराब दुकान में सेल्समैन का काम करता है। रात करीब 8 बजे जब वह दुकान पर था, तभी मनकेड़ी निवासी बबलू झारिया वहां आया। बबलू ने राजू से मुफ्त में शराब और पैकारी की मांग की। जब राजू ने कहा कि मैनेजर ने मुफ्त शराब देने से साफ मना किया है, तो बबलू विवाद करने लगा।
इसके बाद बबलू झारिया ने फोन पर अपने साथी पवन देवक और निक्की महरोलिया से राजू की बात कराई। फोन पर भी राजू ने जब मुफ्त शराब देने में असमर्थता जताई, तो दोनों ने जान से मारने की धमकी दी और कहा कि रुक हम आते हैं। इसके महज 10-15 मिनट बाद पवन देवक और निक्की महरोलिया सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से सहजपुरी शराब दुकान पहुंचे।
दुकान के पीछे ले जाकर पीटा, फिर चलाई गोली
दुकान पर पहुंचते ही निक्की महरोलिया ने राजू के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद पवन, निक्की और बबलू उसे घसीटते हुए शराब दुकान के पीछे ले गए और वहां भी बेरहमी से पीटा। इसी बीच पवन देवक ने जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्टल निकाल ली। खतरा भांपकर राजू किसी तरह निक्की और बबलू के चंगुल से हाथ छुड़ाकर भागा। तभी पवन देवक ने पिस्टल लोड कर जान से मारने की नीयत से राजू पर सीधे गोली चला दी। निशाना चूकने की वजह से गोली राजू को नहीं लगी और उसने अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी पवन देवक, निक्की महरोलिया और बबलू झारिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
