बालाघाट:जंगली सूअर ने तीन लोगों पर हमला कर दिया। घटना में दो किसान और एक चरवाहा घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
38 वर्षीय चंद्रकुमार माहुले अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी घटना हुई। हमले में उनके पेट में एक इंच का गहरा घाव हो गया। इसी तरह 25 वर्षीय निर्भय सहारे पर भी खेत में काम करते समय हमला हुआ। वहीं 50 वर्षीय सालिगराम सोनी मवेशी चरा रहे थे। निर्भय की पसली और सालिगराम की जांघ में चोटें आई हैं। चंद्रकुमार की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
ग्रामीणों और परिजनों ने घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। वन विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल में घायलों और उनके परिजनों से जानकारी ली।
क्षेत्र में वन्य प्राणियों की बढ़ती संख्या मानव जीवन के लिए खतरा बन रही है। वन विभाग की ओर से इलाज के लिए दी जाने वाली तत्काल सहायता राशि और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। वन विभाग के अधिकारी इस विषय पर कोई टिप्पणी करने से बच रहे हैं।
