घर निर्माण विवाद ने लिया हिंसक रूप, तीन आरोपियों पर केस दर्ज

छतरपुर। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16 के घोसयाना मोहल्ले में घर निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया। मामूली कहासुनी से उपजा यह मामला देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान एक व्यक्ति के साथ गंभीर मारपीट किए जाने का आरोप सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि बीएसएफ में पदस्थ एक जवान और उसके दो बेटों ने मिलकर उस पर हमला किया। आरोप है कि उसे जबरन पकड़कर घसीटते हुए घर के भीतर ले जाया गया, जहां लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आईं।

घटना का पूरा दृश्य पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका फुटेज सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। घायल व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाकर सिटी कोतवाली थाना पहुंचा और खून से सनी हालत में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मेडिकल परीक्षण कराते हुए बीएसएफ जवान और उसके दोनों बेटों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं दूसरी ओर, आरोपी पक्ष ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए पहले उनके परिवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने की बात कही है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और मामले की हर पहलू से पड़ताल जारी है।

 

Next Post

उन्नत कृषि के जागरण को लेकर रथयात्रा पहुंची गांव-गांव

Fri Jan 23 , 2026
बेगमगंज। मध्यप्रदेश शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग मंत्रालय भोपाल वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाए जाने पर कृषि रथ ग्राम तुलसीपार, तिनसुआ एवं पिपलिया पाठक पहुंचा । इस कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी डीके नायक , कु. देवकी मरकाम उद्यानकी अधिकारी , कु. शिखा […]

You May Like