डंपर ने कुचला, दंपति एवं बेटी की मौत

ग्वालियर। उत्तर प्रदेश के जालौन से बेटी को जेईई की परीक्षा दिलाने आये दंपति और उनकी बेटी को तेज रफ्तार डंपर चालक ने कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी 18 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गुरुवार को बिजौली थाना क्षेत्र के रतवाई के पास घटा। हादसे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पीएम के लिये भिजवाकर आरोपी डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

एसडीओपी बेंहट मनीष यादव ने बताया कि डंपर चालक ने बाइक सवार दंपति और उनकी बेटी को रतवई गांव के पास कुचल दिया। हादसे में 45 वर्षीय किसान चंद्रपाल जाटव, उसकी 40 वर्षीय पत्नी राजश्री जाटव और बेटी 18 वर्षीय अर्पिता जाटव निवासी जालौन यूपी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि चंद्रपाल का परिवार उत्तर प्रदेश के जालौन में रहता है और गुरूवार को चंद्रपाल की बेटी अर्पिता का जईई मैन का एग्जाम बीबीएम कालेज में था। बेटी को एग्जाम दिलाने चंद्रपाल ग्वालियर आये थे और उन्होंने अपने एक परिचित आरक्षक प्रदीप, जो कि गिरवाई थाने में पदस्थ है उसकी बाइक ली थी और बाइक पर सवार होकर दंपति व उनकी बेटी कालेज जा रहे थे। कालेज की जानकारी नहीं होने के कारण वह जल्दबाजी में रास्ता भटक गये और परीक्षा केन्द्र से 100 मीटर आगे निकल गये। किसी राहगीर से उन्होंने कॉलेज का पता पूछा और वापस लौटने लगे और जब वह थाने से 100 मीटर दूर थे, तभी तेज रफ्तार डंपर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुये उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दंपति और उनकी बेटी सड़क पर गिरी और डंपर की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक अपना डंपर छोड़कर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने खाका से भरा हुआ डंपर जब्त कर लिया।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस भी सकते में आ गई, क्योंकि सड़क पर शव और खून ही खून पड़ा हुआ था। हालत यह थी कि उनके बैग में रखे दस्तावेज भी खून से सन गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाकर जांच शुरू की तो पुलिस को पता चला कि मृतक चंद्रपाल के परिवार में उसकी पत्नी, बेटी और दो बेटे सत्यम व बिट्टू हैं। पति-पत्नी व बेटी की मौत के बाद अब उनके परिवार में सिर्फ दो बेटे बचे हैं। हादसे का पता चलते ही वह ग्वालियर के लिए रवाना हो गए। कुछ साल पहले डंपर की टक्कर से पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में एक युवक सहित 13 महिलाओं की मौत हुई थी। इसी तरह कुछ दिन पहले बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में कॉलोनी में सड़क बनाने के लिए मुरम लेकर जा रहे डंपर के पलटने से घर के बाहर बैठे एक बुजुर्ग दब गए थे और उनकी मौत हो गई थी।

Next Post

रथ पर सवार हो नगर भ्रमण पर निकलेगी माँ फलौदी 

Thu Jan 22 , 2026
ब्यावरा।बसंती पंचमी का पर्व आज नगर सहित जिले भर में श्रद्धा, भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा. परंपरानुसार माँ फलौदी की भव्य शोभायात्रा के साथ धार्मिक, सामाजिक आयोजन होंगे. नगर में निकलने वाली शोभायात्रा में रथ पर सवार होकर माँ फलौदी नगर भ्रमण पर निकलेगी. जानकारी के अनुसार आज प्रात: वाहन […]

You May Like