मुरैना: ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण और इसी काम के बीच जमीन से निकले कथित पुराने सिक्कों ने पूरे गांव में हलचल मचा दी है। मामला मुरैना जिले के डोगरपुर लोधा गांव का बताया जा रहा है, जहां सिक्के मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में खजाने की तलाश को लेकर उत्सुकता बढ़ गई।बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य के दौरान कुछ पुराने सिक्के मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद गांव में यह चर्चा तेजी से फैल गई कि जमीन के नीचे कोई पुराना खजाना दबा हो सकता है।
देखते ही देखते कुछ ग्रामीण संभावित खजाने की तलाश में खुदाई करने में जुट गए। सिक्के मिलने की खबर के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने की बात सामने आ रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सिक्के कितने पुराने हैं, किस धातु के हैं और उनकी संख्या कितनी है। सिक्कों की असलियत और ऐतिहासिक महत्व को लेकर भी फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है, क्या वाकई एक्सप्रेसवे की जमीन से कोई ऐतिहासिक खजाना सामने आया है या फिर पुराने सिक्के मिलने की बात ने महज अफवाह का रूप ले लिया है?
मामले की सच्चाई पुरातत्व विभाग और प्रशासन की जांच के बाद ही सामने आएगी। यदि सिक्के ऐतिहासिक अथवा पुरातात्विक महत्व के पाए जाते हैं तो डोगरपुर लोधा में सामने आया यह मामला मुरैना के इतिहास के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
