
आलोट। रात में अनियंत्रित होकर एक कार घर में घुस गई। इससे भोजन कर रहे व्यक्ति हादसे का शिकार हो गए। घायल होने पर ग्रामीणों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बीती रात ग्राम रिछा के रोड किनारे बने विजय सिंह पिता बापू सिंह (55) के पक्के मकान में शिफ्ट डिजायर कार घुस गई। कार की गति इतनी तेज थी कि कार दीवार तोडक़र अंदर पहुंच गई। हादसे के समय दंपति घर में भोजन कर रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वजे सिंह के दोनों पैर टूट गए और उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में बैठे चालक, उसके साथी को बाहर निकाला। इस दौरान कुछ लोग बाइक पर उन्हें उपचार कराने का कहकर फरार हो गए। वहीं घायल दंपति को तड़पते छोड़ दिया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों को पहले निजी अस्पताल और बाद में शासकीय अस्पताल आलोट लाया। हालत गंभीर होने पर उज्जैन रेफर किया। इनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा हैं। ग्रामीणों ने बताया कि स्विफ्ट गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं थी, पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने में खड़ा करवाया है।
