
जबलपुर। शहर में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते संगठित एवं असंगठित अपराध, अवैध नशे के कारोबार, अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और विपक्षी जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरुद्ध की जा रही पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने एसपी ऑफिस का घेराव करते हुए उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसियों के साथ महिलाओं की भी उपस्थिति रही। प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और फिर एसपी के नाम ज्ञापन पुलिस अधिकारी को सौंपकर मांंग की कि अपराधियों के विरुद्ध निष्पक्ष, त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाए, अवैध नशे, जुआ-सट्टा एवं मादक पदार्थों के नेटवर्क पर तत्काल सख्ती हो, निर्दोष नागरिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फँसाने पर रोक लगे और नशे में प्रयुक्त प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही अपराध रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन को उसके संवैधानिक उत्तरदायित्वों के प्रति जवाबदेह बनाया जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं जबलपुर की आम जनता लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पहले ही एसपी कार्यालय के गेट पर बैरीकेडिंग कर रखी थी। इस दौरान कांग्रेसियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर जाने का प्रयास कियाय लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व केबिनेंट मंत्री, विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि जबलपुर शहर में विधि द्वारा स्थापित शासन व्यवस्था का निरंतर क्षरण हो रहा है। आम नागरिक भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को विवश है। हत्या, लूट, चोरी, डकैती, चाकूबाजी, अवैध वसूली, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, अवैध नशा तथा जुआ-सट्टा जैसी घटनाओं में निरंतर वृद्धि हो रही है, जबकि पुलिस प्रशासन अपने संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन में निष्क्रिय एवं असफल सिद्ध हो रहा है।
