इंदौर: शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निर्माणाधीन पुलों का आज कलेक्टर ने दौरा किया. दौरे के दौरान उन्होंने निर्माण में बाधक अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए. साथ ही निर्माण कार्य से जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखने के आदेश दिए. मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारी और ठेकदार एजेंसियों को जून महीने तक फ्लाई ओवर का निर्माण गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं.
कलेक्टर शिवम वर्मा ने निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल केएफ साथ देवास नाका, सत्य साईं चौराहा, मूसाखेड़ी और क्रिस्टल आईटीआई पार्क चौराहा पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी फ्लाईओवर आगामी जून माह तक पूरे किए जाएं. इसमें गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए. समीक्षा बैठक में कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों से कहा कि ये सभी फ्लाईओवर्स शहर में यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं. इनका कार्य पूरा होने से जनता को राहत मिलेगी. निरीक्षण के समय एसडीएम प्रदीप सोनी, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर सहित ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम, प्रशासन, निर्माण एजेंसी एमपीआरडीसी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
नागरिकों को असुविधा न हो
बैठक में निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं, छोटे-छोटे अतिक्रमण हटाने और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर चर्चा की गई. उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए जाएं. ट्रैफिक संचालन के लिए गार्ड तैनात किए जाएं, ताकि यातायात सुचारु रहे. धूल उड़ने से रोकने के लिए नेटिंग और सुरक्षा उपाय किए जाएं. सर्विस लेन पर पैच रिपेयरिंग और डामरीकरण कर ट्रैफिक को सुचारू बनाया जाए. उन्होंने मूसाखेड़ी चौराहा पर पैदल आने जाने वाले नागरिकों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए. निर्माणाधीन फ्लाईओवर के सर्विस रोड़ पर पर्याप्त लाईटिंग भी की जाए. कलेक्टर ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि जून माह तक ये सभी फ्लाईओवर्स का निर्माण पूर्ण हों.
